वर्ष् : 2012 अंक : 9 गुरुवार 12 जनवरी 2012 दरभंगा

स्वामी विवेकानन्द के विचार आज है प्रासंगिक : कीर्ति

दरभंगा 12 जनवरी 2012। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ट नेता एवं भाजपा सांसद कीर्ति आजाद ने कहा है कि स्वामी विवेकानन्द के विचारों को आत्मसात कर युवा वर्ग भारत को भ्रष्टाचार मुक्त एवं विकसित देश बना सकते है।
 श्री आजाद आज नेहरू युवक केन्द्र द्वारा स्थानीय कामेश्वर भवन में आयोजित युवा दिवस कार्यक्रम का उदघाटन करने के बाद समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने युवाओं से स्वामी विवेकानन्द के बताये मार्गों पर चलने की जरूरत बतायी। उन्होंने युवाओं से भ्रष्टाचार मिटाने के लिए आगे आने की अपील करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानन्द ने ऐसे भारत का सपना देखा था, जिसे दुनिया में सम्मान की नजर से देखा जाय।
 उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त भारत बनाने के लिए युवाओं को जागरूक होने की जरूरत है। जबतक भारत में भ्रष्टाचार रहेगा भारत वैश्विक अर्थव्यवस्था में शीर्ष पर नहीं पहुंच सकता। युवा स्वामी विवेकानन्द के आदर्शों का पालन कर श्रेष्ठ मनुष्य बन सकते हैं। उन्होंने शिक्षा प्रणाली में भी परिवर्तन की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि आज शिक्षा पैसा कमाने का मशीन बन गया है। आज ऐसी शिक्षा की जरूरत है जिससे युवाओं में चरित्र का निर्माण हो, उनका मानसिक बल एवं बुद्धि का विकास हो और वे समाज के प्रति अपने जिम्मेवारी को ईमानदारी से बढ़ा सके। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानन्द के ÷तुम जीतते हो तो नेतृत्व करो, हारते हो, तो मार्ग दर्शन दो' के कथन को आज की जरूरत बतायी। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानन्द के विचारों से महान स्वतंत्रता सेनानी सुभाष चन्द्र बोस, डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन और लोकनायक जयप्रकाश नारायण भी प्रभावित थे और यही कारण है कि ये सब महापुरूष बने।
 समारोह की अध्यक्षता चन्द्रधारी मिथिला विज्ञान महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर.के. मिश्रा ने कहा कि छात्रों एवं युवाओं को अच्छी नौकरी और अच्छे से अच्छे पैकेज की ओर ध्यान न देकर अच्छा इंसान बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारी शिक्षा प्रणाली मशीन बनती जा रही है। जिसमें सुधार की आवश्यकता है। नेहरू युवा केन्द्र के समन्वयक रविन्द्र मोहन ने अतिथियों का स्वागत करते हुए युवा दिवस कार्यक्रम के महत्व पर प्रकाश डाला।