पुलिस विभाग में 9 जिंदा कारतूस गायब होने की चर्चा, SSP ने दिए जांच के आदेश
दरभंगा पुलिस विभाग में एक महिला होमगार्ड जवान के पास से कथित तौर पर 9 जिंदा कारतूस गायब होने की खबर के बाद एसएसपी ने जांच के आदेश दिए हैं। एसडीपीओ-1 एस.के. सुमन इस मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं ताकि कारतूसों के गायब होने की सत्यता और परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।
दरभंगा, संवाददाता: दरभंगा पुलिस महकमे में सरकारी हथियार के 9 जिंदा कारतूस कथित रूप से गायब होने की खबर चर्चा का विषय बनी हुई है। जानकारी के अनुसार मामला एसडीपीओ-1 की एंटी लिकर टास्क फोर्स से जुड़ी एक महिला होमगार्ड जवान से संबंधित बताया जा रहा है। यह टीम पुलिस लाइन में तैनात रहती है और आवश्यकता पड़ने पर छापेमारी के लिए बुलायी जाती है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी ने बताया कि उन्हें इस संबंध में सूचना मिली है। उन्होंने प्रारंभिक जांच की जिम्मेदारी प्रभारी एसडीपीओ-1 एस.के. सुमन को सौंपी है।
एसएसपी ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वास्तव में 9 जिंदा कारतूस गायब हुए हैं या नहीं। वहीं प्रभारी एसडीपीओ-1 एस.के. सुमन ने बताया कि उनके कार्यालय में कोई महिला होमगार्ड जवान तैनात नहीं है। संबंधित जवान पुलिस लाइन में रहती है और जरूरत पड़ने पर ड्यूटी के लिए बुलायी जाती है।
फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है। पुलिस के अधिकारी जांच पूरी होने से पहले कोई भी आधिकारिक टिप्पणी करने से बच रहे हैं। यदि जांच में कारतूस गायब होने की पुष्टि होती है, तो इसे पुलिस विभाग की गंभीर लापरवाही माना जाएगा।
आपकी प्रतिक्रिया
टिप्पणियाँ (0)
अभी कोई टिप्पणी नहीं। पहले टिप्पणी करें!
टिप्पणी करें